कबीरधाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर वाहन जांच के दौरान गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गांजा बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच
26 सितंबर को थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 मार्ग पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान आगे-पीछे चल रहे दो वाहनों पर पुलिस को संदेह हुआ। सबसे पहले कार क्रमांक DL-4C AQ-0755 को रोककर जांच की गई।
वाहन में सवार लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम रविराज सिंह परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी मेहंगवा कला, थाना पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश और सौरभ सिंह बुंदेला, उम्र 22 वर्ष, निवासी मेहड़ा, थाना पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश बताया।
कार से 12 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 12 किलो 760 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा के उमापाड़ा क्षेत्र से मध्यप्रदेश के पन्ना की ओर ले जाया जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने पीछे आ रहे दूसरे संदिग्ध वाहन मारुति सुजुकी एस-प्रेसो को भी रोककर जांच की।
दूसरे वाहन से मिला 5 किलो 700 ग्राम गांजा
दूसरे वाहन में सवार लोगों ने अपना नाम जोगेंद्र राजा, उम्र 25 वर्ष और केशव राजा, उम्र 22 वर्ष बताया। दोनों मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के निवासी बताए गए हैं।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने 5 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 18 किलो 460 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 23 हजार रुपये है।
दो वाहन और 4 मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार DL-4C AQ-0755, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये, और मारुति सुजुकी एस-प्रेसो वाहन, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है, को जब्त किया है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गांजा, दोनों वाहन और मोबाइल समेत पुलिस ने कुल करीब 22 लाख 53 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना चिल्फी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 22/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 351 नरेन नेताम, आरक्षक 164 अमन वाहने, आरक्षक 472 सुनील मरावी, आरक्षक 553 पंकज यादव, आरक्षक 318 जितेंद्र चन्द्रवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





