रायपुर। नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर जा रही स्टाफ बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के समय बस में 30 से अधिक शासकीय कर्मचारी सवार थे। आग की लपटें दिखाई देते ही बस को रोका गया और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
पुरानी बसों को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी
हादसे के बाद मंत्रालय कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्मचारी महानदी भवन के बाहर एकत्र हुए और स्टाफ बसों की खराब स्थिति को लेकर विरोध जताया। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से पुरानी और जर्जर बसों से उन्हें मंत्रालय लाने और वापस ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।
कर्मचारियों ने प्रशासन से पुरानी बसों को हटाकर नई और सुरक्षित बसें चलाने की मांग की। उनका कहना है कि कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए स्टाफ बसों की नियमित जांच और फिटनेस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
चलते समय अचानक बस में लगी आग
जानकारी के अनुसार, कर्मचारी बस से मंत्रालय जा रहे थे। इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई। आग दिखाई देते ही वाहन को रोककर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
बस में आग किस वजह से लगी, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। कर्मचारियों का कहना है कि समय रहते बस नहीं रोकी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद उन्होंने स्टाफ परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और बेहतर बनाने की मांग दोहराई है।





