बालोद। जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में खुद को मीडिया कर्मी बताकर एक महिला और बोर मशीन संचालक से कथित तौर पर 65 हजार रुपये की रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिकेत देशलहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक-13 घोड़ा मंदिर निवासी भगवती ठाकुर ने शिकायत में बताया कि उनके मोहल्ले में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। इसी वजह से उन्होंने कर्ज लेकर 18 मई की रात अपने घर में निजी उपयोग के लिए बोरवेल खुदवाने का काम शुरू कराया था।
आरोप है कि इसी दौरान अनिकेत देशलहरे मौके पर पहुंचा और बिना अनुमति बोरवेल खुदाई कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई कराने की धमकी दी। उसने खुद को मीडिया से जुड़ा बताते हुए कहा कि वह इस मामले को अखबार और अन्य मीडिया माध्यमों में प्रकाशित कर देगा। इसके बदले उसने कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बोर मशीन एजेंट शत्रुघ्न यादव को भी डराया-धमकाया और उसकी मशीन की चाबी तथा दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। कार्रवाई के भय से एजेंट ने महिला के सामने आरोपी को 40 हजार रुपये नकद दे दिए।
महिला का आरोप है कि अगले दिन 19 मई 2026 की सुबह आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचा और खबर प्रकाशित कराने की धमकी देकर उनसे 25 हजार रुपये और वसूल लिए। पीड़िता का कहना है कि घटना से जुड़े गवाह और अन्य साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी के भय के कारण वह तत्काल थाने में शिकायत दर्ज नहीं करा सकीं। बाद में मोहल्ले में आरोपी पर मारपीट के एक अन्य मामले की शिकायत होने पर उन्हें भी हिम्मत मिली और उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा।
पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर बीएनएस की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर की जा रही है तथा जांच के निष्कर्ष के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





