अंबिकापुर (सरगुजा): छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक गांव की महिला उपसरपंच के पति पर 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और उसे जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अश्लील वीडियो दिखाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली पीड़ित छात्रा उपसरपंच के घर सुबह-शाम खाना बनाने और काम करने जाती थी। आरोप है कि बीते 20 जुलाई की शाम जब छात्रा रसोई में खाना बना रही थी, उसी दौरान उपसरपंच का पति तरुण जायसवाल वहां पहुंचा। वह नाबालिग को खींचकर कमरे में ले गया और मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
पुलिस शिकायत रोकने के लिए दिया पैसों का लालच
घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को किसी से कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, मामला दबाने के लिए आरोपी ने पीड़िता के परिजनों को पैसों का लालच देकर थाने जाने से रोकने का प्रयास भी किया।
ग्रामीणों संग थाने पहुंचे परिजन, आरोपी हिरासत में
आरोपी के दबाव के बावजूद बुधवार शाम करीब 100 ग्रामीणों के साथ पीड़ित परिवार कोतवाली थाने पहुंचा और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर आरोपी तरुण जायसवाल को अंबिकापुर के चोपड़ापारा इलाके से धर दबोचा।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





