अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत आबकारी विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। आबकारी उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 78 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि जिले में नशीले इंजेक्शनों की अवैध खरीद-फरोख्त और सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर उड़नदस्ता दल ने घेराबंदी कर आरोपी नितीश गुप्ता को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 39 REXOGESIC और 39 AVIL सहित कुल 78 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े एक अन्य आरोपी सौरभ गुप्ता का नाम भी सामने आया है। हालांकि छापेमारी के दौरान वह फरार हो गया। आबकारी विभाग की टीम उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन क्लीन' अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह अभियान इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।





