बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक तेज गति से दौड़ रही कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बुआ की शादी में शामिल होने आई थी छात्रा

मृतका की पहचान शारदा पाटिल (21) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, शारदा अपने बुआ की शादी में शामिल होने के लिए अपने घर आई हुई थी। शादी समारोह की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।

चौथिया कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के सदस्यों के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।