दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एक बदमाश ने दिनदहाड़े घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी महिला के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विभान्शु महोबिया (21) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंडला जिले का रहने वाला है और फिलहाल भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में किराये के मकान में रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना नेवई थाना क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स के फ्लैट नंबर-109 में हुई। फ्लैट में रहने वाले वी. कुमार (59) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को वह ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली महिला गिरजा यादव ने फोन कर बताया कि उनके सास-ससुर के घर में एक अज्ञात युवक घुस आया है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। घर में घुसते ही उसने बुजुर्ग दंपती को चाकू दिखाकर डराया और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी की मांग करने लगा। इसी दौरान वह महिला के गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पीड़ितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।