दुर्ग। शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान यश कुमार डडसेना (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह केमिस्ट्री की सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटा था। कुछ देर बाद उसका शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, यश शुक्रवार को केमिस्ट्री की सप्लीमेंट्री परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर पहुंचा। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं, जबकि पिता छत्रपाल डडसेना छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए हुडको गए हुए थे। उसकी मां एक शासकीय विद्यालय में शिक्षिका हैं।

दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश को मोबाइल फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद उन्होंने घर के लैंडलाइन पर संपर्क किया। दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले "टॉयलेट जा रहा हूं" कहकर अंदर गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान स्टोर रूम का दरवाजा खोलने पर यश फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।