दुर्ग। सड़क दुर्घटना के एक मामले में जब्त कार को छुड़ाने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में कुम्हारी थाने में पदस्थ आरक्षक सोलोमन राजू पर विभागीय कार्रवाई की गई है। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।


शिकायतकर्ता विमलेश कुमार द्विवेदी ने आरोप लगाया कि सड़क हादसे में जब्त उनकी कार का चालान कोर्ट में पेश कर वाहन रिलीज कराने की प्रक्रिया के नाम पर आरक्षक ने 20 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराई, जिसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।


जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे विमलेश कुमार द्विवेदी की कार और सामने से आ रही टीवीएस सुपर एक्सएल बाइक के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने घायल को रायपुर के महोबा बाजार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया और उपचार का पूरा खर्च भी वहन किया। उस समय दोनों पक्षों के बीच मामला दर्ज नहीं कराने की बात हुई थी, लेकिन करीब एक सप्ताह बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।

मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।