भिलाई: कॉलेज और यूनिवर्सिटी ट्रांसफर के लिए 20 अगस्त तक मौका

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) ने इंजीनियरिंग और फार्मेसी के तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्रों के लिए संस्था स्थानांतरण (T-1 और T-2) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र 20 अगस्त तक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) विश्वविद्यालय में जमा कर सकते हैं। तय समय के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा।

ब्रांच परिवर्तन के लिए 1,000 रुपये, कॉलेज ट्रांसफर के लिए 2,000 रुपये और विश्वविद्यालय ट्रांसफर के लिए 5,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों से सीएसवीटीयू में स्थानांतरण के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे।


दुर्ग: 7 इंस्पेक्टरों का तबादला, 3 नए अधिकारियों की पोस्टिंग

पुलिस मुख्यालय रायपुर ने 64 पुलिस निरीक्षकों की तबादला सूची जारी की है। इसके तहत दुर्ग जिले के 7 इंस्पेक्टरों का अन्य जिलों में तबादला किया गया है, जबकि 3 नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में नियुक्ति की गई है।


भिलाई: बीएसपी क्षेत्र में 200 से अधिक मकानों का सर्वे पूरा

नगर निगम भिलाई ने बीएसपी क्षेत्र में संपत्ति कर के सही निर्धारण के लिए अभियान तेज कर दिया है। अब तक 200 से अधिक मकानों और भूखंडों का सर्वे पूरा हो चुका है। आईआईटी भिलाई की मदद से ड्रोन मैपिंग कर भवनों और भूखंडों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।


दुर्ग: जमीन के नाम पर 8 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

पुलगांव पुलिस ने प्लॉट बेचने के नाम पर 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी नेहा देशमुख और नोकेश देशमुख को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी गई। जांच में अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी करने के आरोप सामने आए हैं।


भिलाई: तंत्र-मंत्र और ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार

भिलाई नगर पुलिस ने 85 लाख रुपये की ठगी के आरोपी पवन बधोरिया (43) को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ, जिन्न-प्रेत का डर और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए थे।


राजनांदगांव: बिना फिटकरी के जलापूर्ति पर बवाल

लगातार बारिश के बीच शहर में गंदे और मटमैले पानी की सप्लाई से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। जांच में फिल्टर प्लांट में फिटकरी नहीं होने की बात सामने आने पर नगर निगम ने आनन-फानन में 35 टन फिटकरी मंगवाई। विपक्ष ने इसे लोगों की सेहत से खिलवाड़ बताया है।


खैरागढ़: लगातार गैरहाजिर रहने पर पंचायत सचिव निलंबित

ग्राम पंचायत दनिया के सचिव बुधारु राम धुर्वे को विभागीय बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने और कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: जिला पंचायत सीईओ का तबादला

सरपंच संघ के आंदोलन के बीच जिला पंचायत की सीईओ भारती चंद्राकर का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अभिषेक गुप्ता को नया सीईओ नियुक्त किया गया है। सरपंच संघ ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी जीत बताया है।