बिलासपुर। हरेली पर्व की तैयारियों के बीच बिलासपुर जिले में मामूली बात को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। मुर्गे के आकार को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बड़े भाई ने धारदार हथियार से छोटे भाई पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना मोपका चौकी क्षेत्र के चिल्हाटी गांव की है।

जानकारी के अनुसार, गौतम धनवार और उसके छोटे भाई रुपेश धनवार के परिवार हरेली पर्व पर घर में पकाने के लिए मुर्गा लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि रुपेश के परिवार द्वारा लाया गया मुर्गा आकार में बड़ा था। इसे देखकर गौतम के परिवार में भी बड़ा मुर्गा लाने की बात हुई। इसी बात को लेकर गौतम नाराज हो गया और दोनों भाइयों के बीच बहस शुरू हो गई।

कहासुनी के बाद हुई हाथापाई

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। आरोप है कि इसी दौरान गौतम ने धारदार हथियार से रुपेश पर हमला कर दिया। हमले में रुपेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिवार के लोगों ने घायल रुपेश को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह के साथ ही घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।