रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में गुरुवार को अनुशासन समिति की अहम बैठक हुई। बैठक में पार्टी से निष्कासित नेताओं और कांग्रेस में वापसी के लिए आवेदन देने वाले नेताओं के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। कुछ मामलों में निष्कासन समाप्त करने पर सहमति बनी, जबकि कई प्रकरणों को फिलहाल विचाराधीन रखा गया है।


अमित जोगी का मामला भी बैठक में आया

अनुशासन समिति की बैठक में अमित जोगी की कांग्रेस में संभावित वापसी का मामला भी सामने आया। समिति अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने बताया कि अमित जोगी का प्रकरण फिलहाल विचारणीय है। इस पर चर्चा हुई, लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया और मामले को लंबित रखा गया है।


कुल 36 आवेदन मिले

बैठक में पार्टी में वापसी और निष्कासन से जुड़े कुल 36 आवेदन रखे गए। इनमें से कुछ मामलों में समिति ने आगे की प्रक्रिया पर सहमति जताई है, जबकि बाकी प्रकरणों पर संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों से भी राय ली जाएगी।


AICC के तीन सह-प्रभारी भी रहे मौजूद

बैठक में AICC के सह-प्रभारी एस.ए. संपत कुमार, जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ भी मौजूद रहे। समिति ने अलग-अलग मामलों पर संगठनात्मक रिपोर्ट और स्थानीय इकाइयों की राय के आधार पर आगे निर्णय लेने की बात कही।


पार्टी विरोधी बयानबाजी पर सख्त रुख

बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं पर कार्रवाई की जाएगी। मीडिया के जरिए पार्टी विरोधी बयानबाजी को भी अनुशासनहीनता के दायरे में माना जाएगा।


दो महीने में फिर होगी बैठक

अनुशासन समिति की अगली बैठक करीब दो महीने के भीतर बुलाने की बात कही गई है। इसमें लंबित मामलों पर दोबारा चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

फिलहाल अमित जोगी की कांग्रेस में वापसी पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।