खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम गुरुवार, 8 अक्टूबर को एक दिवसीय दौरे पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला साइबर लैब और निर्माणाधीन नवीन पुलिस लाइन का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की। डीजीपी ने अधिकारियों को लंबित अपराधों का शीघ्र निराकरण करने, साइबर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ाने और आम जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का लिया जायजा
डीजीपी अरुण देव गौतम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने डीएसबी, वेतन, फंड, स्थापना, ओएम और एसआरसी शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की। साथ ही कार्यालयीन अभिलेखों के रखरखाव और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग के सभी प्रशासनिक कार्य पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
साइबर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने जिला साइबर लैब में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के अधिकतम इस्तेमाल पर जोर दिया।
इसके अलावा जिले के थानों में संचालित ऑनलाइन पोर्टलों और डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों से संबंधित जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने और डिजिटल अभिलेखों का बेहतर संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लंबित अपराधों और शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
डीजीपी ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में लंबित मामलों की विवेचना, शिकायतों के निराकरण और पुलिस की कार्यप्रणाली पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि अपराधों की जांच गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनके निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
निर्माणाधीन पुलिस लाइन का निरीक्षण, गुणवत्ता पर विशेष जोर
पुलिस महानिदेशक ने खैरागढ़ में बन रही नवीन जिला पुलिस लाइन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों, बुनियादी सुविधाओं और परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
डीजीपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे करने पर जोर दिया।
पुलिस लाइन परिसर में किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान डीजीपी अरुण देव गौतम ने नवीन पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके बाद वे खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
दौरे के दौरान राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





