रायपुर। तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के ऐलान पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CGMDC) की ओर से पूरी स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है और संबंधित पक्षों की भूमिका भी सार्वजनिक कर दी गई है। इसके बावजूद कांग्रेस लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को सच्चाई स्वीकार करने में परेशानी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी हर मुद्दे पर तथ्य से ज्यादा राजनीतिक भ्रम और आरोपों को महत्व देती है।
सेवा संकल्प अभियान पर भी कांग्रेस को घेरा
सेवा संकल्प अभियान के शासकीयकरण के कांग्रेस के आरोपों पर भी उपमुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान आम लोगों को जोड़ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम है।
साव ने कांग्रेस पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार के इर्द-गिर्द राजनीति करती रही है, इसलिए उसे जनभागीदारी वाले ऐसे अभियान पसंद नहीं आते।
गणेश पंडालों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश
गणेश उत्सव के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर अरुण साव ने बताया कि अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को सुरक्षा, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सनातन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
अरुण साव ने सनातन धर्म को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान राम को काल्पनिक बताते रहे हैं, वे सनातन पर ज्ञान न दें। साव ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस उन दलों के साथ गठबंधन में है, जिन पर सनातन विरोधी बयान देने के आरोप लगते रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है, जबकि भाजपा का जोर विकास और जनहित के मुद्दों पर है।





