रायपुर। भाजपा की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसा है। उन्होंने स्मृति ईरानी का स्वागत करते हुए महंगाई और घरेलू जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर सवाल उठाए। बैज ने कहा कि स्मृति ईरानी पूर्व में गैस सिलेंडर और महंगाई को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करती रही हैं, ऐसे में अब छत्तीसगढ़ आने पर उन्हें जनता को बताना चाहिए कि सिलेंडर, शक्कर और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों को लेकर क्या राहत मिलेगी।
500 रुपये में सिलेंडर के वादे का भी किया जिक्र
दीपक बैज ने भाजपा के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्मृति ईरानी से यह सवाल पूछेगी कि प्रदेश की महिलाओं को इस वादे का लाभ कब और किस तरह मिलेगा।
संगठन और सरकार के तालमेल पर कसा तंज
बैज ने स्मृति ईरानी की नई संगठनात्मक जिम्मेदारी को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब यह देखना होगा कि नई प्रभारी प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार के बीच किस तरह तालमेल बनाती हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि देखना होगा कि वे मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच “शक्कर घोलती हैं या रायता फैलाती हैं।”
स्मृति ईरानी को बनाया गया है छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी
भाजपा ने हाल ही में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की ओर से राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
दीपक बैज ने संकेत दिया कि स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमत और चुनावी वादों को लेकर उनसे सवाल करेगी।





