रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल (GD) और कांस्टेबल (GD) के कुल 521 पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें हेड कांस्टेबल के 182 और कांस्टेबल के 339 पद शामिल हैं। भर्ती में बैडमिंटन, बॉक्सिंग, फुटबॉल, कबड्डी, जूडो, कराटे, शूटिंग, वुशु और योग समेत 22 खेलों के खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे।
लिखित परीक्षा नहीं, स्पोर्ट्स ट्रायल से होगा चयन
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले दस्तावेज और पहचान की जांच की जाएगी। इसके बाद शारीरिक मानक परीक्षा (PST), स्पोर्ट्स ट्रायल और मेडिकल परीक्षण होगा। अंतिम चयन पात्रता और ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
10वीं और 12वीं पास कर सकेंगे आवेदन
हेड कांस्टेबल (GD) पद के लिए उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही निर्धारित स्तर पर खेल उपलब्धि भी होनी चाहिए। वहीं कांस्टेबल (GD) के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। राष्ट्रीय, राज्य, विश्वविद्यालय और खेलो इंडिया जैसी मान्य प्रतियोगिताओं में निर्धारित उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पात्रता मिलेगी।
इतनी मिलेगी सैलरी
हेड कांस्टेबल (GD) पद पर चयनित उम्मीदवारों को 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। वहीं कांस्टेबल (GD) पद के लिए 21,700 से 69,100 रुपये तक वेतनमान निर्धारित है। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा।
आवेदन शुल्क 100 रुपये
सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। महिला, SC, ST और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले CRPF की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में पात्रता, खेल उपलब्धि और अन्य शर्तों की जांच करने की सलाह दी जाती है।





