खैरागढ़। छुईखदान पुलिस ने साइबर अपराध और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड राहुल देवांगन सहित दीपक निर्मलकर, राहुल जंघेल और विजय कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि किराये पर लिए गए बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन कर सट्टा और साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।


पुलिस जांच में करीब 1.69 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और एनसीआरबी से मिली सूचना के आधार पर की गई।


जांच के दौरान छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, छुईखदान शाखा के एक खाताधारक दीपक निर्मलकर के खाते की जांच में यह मामला सामने आया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना बैंक खाता राहुल जंघेल को 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था।


राहुल जंघेल से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि इन बैंक खातों का उपयोग महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पलावा सिटी के एक किराये के फ्लैट से संचालित सट्टेबाजी और साइबर ठगी नेटवर्क में किया जा रहा था। देशभर में साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन्हीं खातों में जमा कराई जाती थी।