रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के प्रदेश दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले उनका दौरा तीन दिनों का प्रस्तावित था, लेकिन अब वे 27 और 28 सितंबर को दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर में रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे।

27 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे भगत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुखदेव भगत 27 सितंबर को दोपहर 2:25 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय जाएंगे। शाम 5:30 बजे राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों के साथ डिनर का कार्यक्रम भी रखा गया है।

दूसरे दिन लगातार होंगी संगठनात्मक बैठकें

दौरे के दूसरे दिन 28 सितंबर को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कनेक्ट सेंटर की बैठक आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 बजे भगत कांग्रेस के मार्च कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4 बजे फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों और शाम 5 बजे अनुशासन समिति के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।

इसके बाद शाम करीब 7 बजे सुखदेव भगत रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी संगठन, आगामी कार्यक्रमों और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।