छुईखदान। देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुईखदान के नेतृत्व में गुरुवार को नगर में पैदल मार्च निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।


केंद्र सरकार के खिलाफ जताया विरोध

कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।


दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान पेपर लीक प्रकरण से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।


निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।