नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नड्डा का कुशलक्षेम जाना और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक को उसके आसपास ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है।

बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इन क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना लंबे समय से चुनौती रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ चिकित्सकीय सेवाओं और आधुनिक उपचार की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्राथमिकता से काम कर रही है, ताकि दूर-दराज के लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

केंद्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा

बैठक में केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत से जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में व्यापक बदलाव आया है। आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्रीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

नड्डा ने केंद्र से सहयोग का दिया भरोसा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री साय ने इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। इसका विशेष लाभ दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिलेगा।