रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के मेफेयर में आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल इलाज तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मरीज के मानसिक, पारिवारिक और आर्थिक पक्ष को भी ध्यान में रखते हुए समग्र दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है।
समय पर जांच से बढ़ती है इलाज की संभावना
मुख्यमंत्री साय ने कैंसर को वैश्विक स्तर पर गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताते हुए कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान होने पर प्रभावी उपचार की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने चिकित्सकों से जल्द जांच, सुलभ उपचार और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कैंसर का असर केवल शरीर पर नहीं, बल्कि मरीज की मानसिक स्थिति, परिवार और आर्थिक हालात पर भी पड़ता है। ऐसे में डॉक्टरों की संवेदनशीलता और परिवार का भावनात्मक सहयोग मरीज का मनोबल बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।
प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 15 हो गई है। इसके अलावा पांच नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इन संस्थानों में कैंसर उपचार के लिए विशेषज्ञ सेवाएं और आधुनिक उपकरण विकसित किए जा रहे हैं।
इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को 5 लाख रुपये तक उपचार की सुविधा मिल रही है। वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बस्तर में 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत अब तक करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में विभिन्न बीमारियों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा गया है। सरकार का प्रयास है कि बस्तर जैसे दुर्गम क्षेत्रों तक भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
नवा रायपुर में बनेगी 5 हजार बेड की मेडिसिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में 5 हजार बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का भी शुभारंभ किया। साथ ही कैंसर की जांच और उपचार से जुड़ी नवीनतम तकनीकों के स्टॉलों का अवलोकन किया।





