रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच हुई तीखी बहस अब सियासी बयानबाजी का बड़ा मुद्दा बन गई है। इस बहस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विजय शर्मा के प्रदर्शन की खुलकर सराहना करते हुए उन्हें 10 में 10 नंबर दिए, जबकि भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए उन्हें ‘जीरो बटा 10’ बताया।
CM साय बोले- विजय शर्मा ने शानदार तरीके से रखी बात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब में हुई पूरी बहस देखी। उन्होंने डिप्टी सीएम विजय शर्मा की तैयारी और तर्कों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शर्मा ने पीएम आवास के मुद्दे पर सरकार का पक्ष प्रभावी तरीके से रखा।
साय ने कहा कि यदि बहस के प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाएं, तो वे विजय शर्मा को 10 में से 10 नंबर देंगे।
भूपेश बघेल पर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे भूपेश बघेल को ‘जीरो बटा 10’ नंबर देंगे। साय ने तंज कसते हुए कहा कि बहस में उनके प्रदर्शन के हिसाब से यही अंक उचित हैं।
मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस बहस को लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हैं।
PM आवास के आंकड़ों को लेकर हुई थी तीखी बहस
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्मित मकानों के आंकड़ों को लेकर विजय शर्मा और भूपेश बघेल आमने-सामने आए थे।
विजय शर्मा ने सरकार की ओर से आंकड़े रखते हुए दावा किया कि मौजूदा सरकार ने पीएम आवास योजना के काम को तेजी दी है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर योजना के क्रियान्वयन में बाधा डालने और हितग्राहियों को समय पर लाभ नहीं पहुंचाने के आरोप लगाए।
दूसरी ओर, भूपेश बघेल ने सरकार के आंकड़ों पर सवाल खड़े किए और दावा किया कि भाजपा सरकार वास्तविक स्थिति को पूरी तरह सामने नहीं रख रही है। दोनों नेताओं के बीच आंकड़ों और दावों को लेकर कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
बहस के बाद शुरू हुआ पोस्टर वार
प्रेस क्लब की बहस खत्म होने के बाद मामला सोशल मीडिया तक पहुंच गया। भाजपा और कांग्रेस की ओर से एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए पोस्टर और टिप्पणियां जारी की गईं।
अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के ‘10 में 10’ और ‘जीरो बटा 10’ वाले बयान ने इस राजनीतिक मुकाबले को और हवा दे दी है। पीएम आवास का मुद्दा फिलहाल छत्तीसगढ़ की सियासत में सबसे चर्चित विषयों में शामिल हो गया है।





