रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश और कई इलाकों में बनी बाढ़ की स्थिति से फसलों को हुए नुकसान के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वे और आकलन कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
प्रभावित क्षेत्रों में होगा नुकसान का आकलन
सुकमा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीडिया से चर्चा में बताया कि अधिक बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। इससे फसलों के साथ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। सरकार प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन कराने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और स्थिति की जानकारी लेंगे। फसल नुकसान का सर्वे पूरा होने और वास्तविक क्षति का आकलन होने के बाद किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलेंगे मुख्यमंत्री
सीएम साय ने बताया कि बारिश और बाढ़ से जिन लोगों के मकान और फसल प्रभावित हुए हैं, उनसे मुलाकात कर उनकी समस्याएं समझी जाएंगी। सरकार की ओर से राहत और सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने आगामी सिंगापुर दौरे की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के बाद निवेश आकर्षित करने के लिए देश और विदेश में इन्वेस्टर मीट आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उनका 4, 5 और 6 अक्टूबर 2026 को सिंगापुर प्रवास प्रस्तावित है।





