अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा के एक छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्र का शव टिहरी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसके चेहरे पर भारी पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जबकि पैर में भी गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


खेलने निकला था, रातभर नहीं लौटा

जानकारी के अनुसार, ग्राम सलका निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।


सुबह योग करने पहुंचे लोगों ने देखा शव

शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में योग करने पहुंचे लोगों की नजर छात्र के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


चेहरे पर पत्थर से हमला, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र के चेहरे को किसी भारी पत्थर से कुचला गया था। उसके पैर में भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


9वीं कक्षा का छात्र था वीरेंद्र

पुलिस जांच में पता चला है कि वीरेंद्र कंवर सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।