रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश थमने के बाद अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

रायपुर में 36 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

रायपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजनांदगांव में 35.5 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 34.8 डिग्री और रायगढ़ में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दूसरी ओर, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

दो दिन बाद बदलेगा मौसम, तेज हवाएं चलने के आसार

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इसके बाद राज्य के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई लगभग पूरी

प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी लगभग पूरी हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीपीय क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत के कुछ अन्य हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

वहीं, ओडिशा के मध्य भागों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने और दिन के समय गर्मी का असर बने रहने की संभावना है।