रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप और गर्मी के बीच अचानक बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया। रायपुर के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार, 8 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।


रायपुर में 34 डिग्री पहुंचा पारा, फिर अचानक बदला मौसम

राजधानी रायपुर में मौसम बदलने से पहले अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर के माना इलाके में कुछ देर तक बारिश हुई, जबकि सड्डू क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे। दिलचस्प बात यह रही कि शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही थी, तो दूसरी ओर तेज धूप खिली हुई थी।

दुर्ग, बिलासपुर और कबीरधाम समेत कई जिलों में बारिश

मौसम में आए बदलाव का असर राजधानी के अलावा अन्य जिलों में भी दिखाई दिया। बुधवार को दुर्ग में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा हुई। अचानक बदले मौसम के कारण कई स्थानों पर दिन की गर्मी से लोगों को राहत मिली।

चक्रवाती परिसंचरण से बदला मौसम का मिजाज

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ तक पहुंचने से मौसम में बदलाव आया है। इसी वजह से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी हुई है।

राजधानी रायपुर से मानसून की औपचारिक विदाई हो चुकी है, जबकि बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।

आज भी बारिश के आसार, गरज-चमक की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। विशेष रूप से दोपहर और शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।

शुक्रवार के बाद कमजोर पड़ सकता है सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि शुक्रवार के बाद चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने और मौसम साफ रहने की संभावना है। फिलहाल दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।

मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।