रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक हल्की वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को शाम या रात के समय बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में तापमान करीब 34 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

आज इन इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में बादल गरजने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अगले दो दिनों तक भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां बने रहने के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम ज्यादातर शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का असर

मौसम में बदलाव के पीछे चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका को प्रमुख कारण माना जा रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा रायपुर सहित कई क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ रही है। वहीं दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके कारण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं।