रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। राज्य में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें शासकीय स्कूलों के 5,000 नियमित पद और स्वामी आत्मानंद स्कूलों के 1,812 संविदा शैक्षणिक पद शामिल हैं।


सरकारी स्कूलों में 5 हजार पदों पर होगी भर्ती

लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय स्कूलों में 5,000 नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कराई जाएगी।

इन पदों में सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। कुल पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद बताए गए हैं।


अक्टूबर और नवंबर में होंगी प्रमुख परीक्षाएं

भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सहायक शिक्षक की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को होगी। इसके बाद शिक्षक पद के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

वहीं, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद के लिए परीक्षा की तारीख अभी तय नहीं की गई है। सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि व्याख्याता पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है।


आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद

स्कूल शिक्षा विभाग स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में भी भर्ती करने जा रहा है। इन स्कूलों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है।

इन पदों के लिए भर्ती अधिसूचना सितंबर में जारी किए जाने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर 2026 से शुरू करने की तैयारी बताई गई है।


प्रतियोगी परीक्षा के जरिए होगी नियुक्ति

राज्य के सरकारी और उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कुल 6,812 पदों पर नियुक्तियां प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से की जाएंगी।

भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकीय पदों की रिक्तियों को भरने में मदद मिलेगी।