रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने उप अभियंता (सिविल) के 101 पदों पर नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है। प्रमुख अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, अटल नगर नवा रायपुर की ओर से 22 अगस्त 2026 को जारी आदेश में चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पदस्थापना दी गई है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से 15 दिन के भीतर संबंधित कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा।

परीक्षा और काउंसलिंग के बाद पूरी हुई चयन प्रक्रिया

विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, उप अभियंता (सिविल) पद के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, नवा रायपुर ने 27 अप्रैल 2025 को भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। इसके बाद 23 जुलाई 2025 को काउंसलिंग हुई। उच्च न्यायालय बिलासपुर में दायर याचिकाओं में पारित आदेशों को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और चयन प्रक्रिया पूरी की गई।

विभागीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद संयुक्त मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन कर नियुक्ति आदेश जारी किया गया।

101 अभ्यर्थियों को अलग-अलग जिलों में मिली पदस्थापना

चयन सूची में कुल 101 अभ्यर्थियों को जगह मिली है। इसमें सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समेत विभिन्न वर्गों के अभ्यर्थी शामिल हैं। महिला अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है।

चयनित अभ्यर्थियों को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, कोरबा, अंबिकापुर, राजनांदगांव, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, सरगुजा, कांकेर, गरियाबंद, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और जशपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उपखंड कार्यालयों में पदस्थ किया गया है।

जारी सूची में पहले क्रम पर नागेश कुमार सिन्हा और अंतिम क्रम पर कृष्ण कुमार साहू का नाम दर्ज है।

लेवल-8 के तहत मिलेगा वेतन

नवनियुक्त अभ्यर्थियों को तृतीय श्रेणी (कार्यपालिक) उप अभियंता (सिविल) के पद पर नियुक्त किया गया है। इस पद के लिए वेतनमान लेवल-8 के तहत 35,400 से 1,12,400 रुपये निर्धारित है। अभ्यर्थियों को आदेश में उल्लेखित संबंधित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी उपखंड कार्यालय में अपनी उपस्थिति देनी होगी।

15 दिन में ज्वाइन नहीं किया तो निरस्त हो सकती है नियुक्ति

नियुक्ति आदेश में साफ किया गया है कि चयनित अभ्यर्थियों को 15 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य है। तय अवधि में संबंधित कार्यालय में उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जा सकती है।

कार्यभार ग्रहण करने से पहले अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता से जुड़े मूल दस्तावेज, स्थायी जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र और सक्षम मेडिकल बोर्ड से जारी स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

गलत दस्तावेज मिलने पर समाप्त होगी नियुक्ति

विभाग ने नियुक्ति के साथ कई शर्तें भी तय की हैं। दस्तावेजों की जांच में किसी अभ्यर्थी की ओर से दी गई जानकारी गलत अथवा प्रमाण-पत्र फर्जी पाए जाने पर उसकी नियुक्ति बिना पूर्व सूचना के समाप्त की जा सकती है।

इसके साथ ही चरित्र सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण और विभाग द्वारा निर्धारित अन्य औपचारिकताओं को पूरा करना अनिवार्य होगा। सभी नियुक्तियां छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संबंधित भर्ती नियमों और निर्धारित शर्तों के अधीन रहेंगी।

विभाग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।