छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेजी से सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में फैल सकता है। इसके साथ ही आगामी सात दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।इसी बीच बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के कंदरी गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया। बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। बिजली चमकने या गरज सुनाई देने पर सुरक्षित भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है।

                                                                        प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 जून से वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है, जिससे अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है।हालांकि मानसून की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रहने के कारण कई जिलों में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है, जिससे किसानों को खेती की तैयारी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।