सरगुजा। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। छात्र का शव टिहरी पहाड़ पर जंगल में मिला। उसके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सलका निवासी विरेंद्र कंवर (15) के रूप में हुई है। वह सलका हाईस्कूल में पढ़ाई करता था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम वह घर से खेलने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण योग करने के लिए टिहरी पहाड़ पहुंचे। इस दौरान जंगल में विरेंद्र का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी तत्काल उदयपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में छात्र के साथ मारपीट के बाद पत्थर से चेहरा कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





