रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में हुई खुली बहस के बाद माहौल अचानक गरमा गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच पीएम आवास के आंकड़ों को लेकर हुई तीखी बहस समाप्त होते ही प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
दोनों दलों के समर्थकों के बीच पहले नारेबाजी हुई और देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की में बदल गया। कुछ ही देर में स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर मौजूद पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
डिबेट में आंकड़ों पर आमने-सामने रहे दोनों नेता
प्रेस क्लब में आयोजित बहस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्मित मकानों के आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं ने अपने-अपने दावे पेश किए।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने सरकार की ओर से आंकड़े रखते हुए दावा किया कि मौजूदा सरकार ने पीएम आवास योजना के काम को तेजी दी है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन दावों पर सवाल उठाए और सरकार के आंकड़ों को लेकर आपत्ति जताई।
बहस के दौरान कई बार दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि कार्यक्रम के भीतर स्थिति नियंत्रण में रही, लेकिन जैसे ही डिबेट खत्म हुई, बाहर मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया।
भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
बताया जा रहा है कि प्रेस क्लब के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
कुछ कार्यकर्ता एक-दूसरे को पीछे धकेलते नजर आए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी तुरंत बीच में पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया।
पुलिस से भी हुई झड़प
हंगामे को नियंत्रित करने के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से भी झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की के बीच एक सब इंस्पेक्टर (SI) की शर्ट का बटन और बैच टूट गया।
पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और प्रेस क्लब के बाहर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बहस के बाद और गरमाया राजनीतिक माहौल
पीएम आवास को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बहस अब केवल आंकड़ों और दावों तक सीमित नहीं रही। पहले दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, फिर सोशल मीडिया पर पोस्टर वार शुरू हुआ और अब कार्यकर्ताओं के बीच झड़प ने मामले को और तूल दे दिया है।
घटना के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई।





