कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है। शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा गांव पहुंचे और ग्रामीणों को नाम परिवर्तन से संबंधित राजपत्र की प्रति सौंपी। लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे ग्रामीणों ने इस फैसले पर खुशी जताई और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
सरकारी रिकॉर्ड में अब दर्ज होगा चंदनपुर
राज्य शासन की ओर से नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया गया है। इसके बाद अब सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टल पर गांव का नाम चंदनपुर दर्ज रहेगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से रोजमर्रा की बातचीत में भी नए नाम का इस्तेमाल करने की अपील की।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपये की घोषणा
गांव पहुंचने के दौरान विजय शर्मा ने सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, जहां आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नया नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
लंबे समय से कर रहे थे नाम बदलने की मांग
उप मुख्यमंत्री के अनुसार, ग्रामीण काफी समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया। मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा और राज्यपाल की स्वीकृति के बाद नाम परिवर्तन को राजपत्र में प्रकाशित किया गया।
विजय शर्मा ने कहा कि गांव का नाम केवल उसकी पहचान तक सीमित नहीं होता, बल्कि उससे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और लोगों की भावनाएं भी जुड़ी रहती हैं। उन्होंने कहा कि चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलने से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।





