रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। आयोग ने दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की निर्धारित प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है। पहले यह प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जानी थी। अब अभ्यर्थियों को संशोधित कार्यक्रम का इंतजार करना होगा।

265 पदों पर होनी है भर्ती

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। मुख्य परीक्षा के परिणाम के बाद आयोग ने 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए पात्र घोषित किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर से दस्तावेजों की जांच शुरू होनी थी, जिसके बाद साक्षात्कार आयोजित किए जाने थे।

स्थगन की वजह स्पष्ट नहीं

CGPSC की ओर से जारी सूचना में दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू स्थगित करने का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। आयोग अब दोनों प्रक्रियाओं के लिए नई तारीख जारी करेगा।

आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि दस्तावेज सत्यापन, इंटरव्यू और संशोधित कार्यक्रम से जुड़ी आगामी सूचना के लिए CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें। नई तारीखों की घोषणा आयोग की ओर से बाद में की जाएगी।