रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का सिलसिला जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों से मानसून लौट चुका है, लेकिन कुछ इलाकों में अब भी बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार 9 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, आने वाले दिनों में अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
राजधानी रायपुर में गर्मी का असर, 34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी रायपुर में बारिश थमने के बाद दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, कई जिलों में चढ़ा पारा
प्रदेश में गुरुवार को राजनांदगांव सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जगदलपुर में 33.6 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 33.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 32.6 डिग्री, दुर्ग में 32.2 डिग्री और अंबिकापुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कुसमी में सबसे अधिक बारिश, कई स्थानों पर बरसे बादल
मानसून की वापसी के बीच प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान कुसमी में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं, चांदो में 3 सेंटीमीटर तथा लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा केशकाल और मैनपाट में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा हुई।
छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों से लौटा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 8 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों से वापस लौट गया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के शेष क्षेत्रों, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना और ओडिशा के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी दर्ज की गई है।
हालांकि, प्रदेश के ऊपर सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण कुछ स्थानों पर बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका का दिख सकता है असर
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्व बिहार से झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है।
फिलहाल मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दिन के समय गर्मी का असर बना रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।





