अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर से तीन अपचारी बालकों के फरार होने का मामला सामने आया है। देर रात तीनों ने सेंटर के रोशनदान की ग्रिल तोड़कर भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार बालकों की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में निरुद्ध तीनों अपचारी बालक प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर में रखे गए थे। देर रात उन्होंने रोशनदान की ग्रिल तोड़कर सेंटर से फरार होने की योजना को अंजाम दिया। सुबह घटना का पता चलते ही अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार बालकों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की टीमों को आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और बालकों की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के उन अपचारी बालकों को रखा जाता है, जिन पर जघन्य अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं और जिनके मामलों की सुनवाई न्यायालय में लंबित है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही बाल संप्रेषण गृह से 13 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार अपचारी बालकों की तलाश के लिए अभियान जारी है।





