रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए दो पदोन्नत उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) और 13 सहायक सेनानियों (असिस्टेंट कमांडेंट) की नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

विभागीय पदोन्नति एवं छानबीन समिति की अनुशंसा के आधार पर जारी इस आदेश में पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पदस्थापनाएं प्रशासनिक आवश्यकता के तहत अगले आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी।

दो डीएसपी को मिली नई जिम्मेदारी

जारी आदेश के मुताबिक, उप पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) सविता सिंह परिहार को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से स्थानांतरित कर विशेष शाखा, भिलाई में पदस्थ किया गया है।

वहीं, अर्नोल्ड संतरी बड़ा, जो वर्तमान में जशपुर से संबद्ध रहते हुए पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में कार्यरत थे, उन्हें विशेष शाखा, बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

13 सहायक सेनानियों की भी बदली तैनाती

गृह विभाग ने इसके साथ ही 13 सहायक सेनानियों (असिस्टेंट कमांडेंट) की भी नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है।