जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार 10 यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, जय बालाजी बस झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही थी। सुबह करीब चार बजे टांगरपानी गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस पलट गई। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





