दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एक ठेका कर्मी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भिलाई नगर थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान श्याम राव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, श्याम राव अपने दो साथियों के साथ मरोदा स्थित ससुराल से खुर्शीपार स्थित घर लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। सेंट्रल एवेन्यू के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम राव करीब 50 फीट तक वाहन के साथ घिसटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दोनों अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्याम राव भिलाई इस्पात संयंत्र में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।