सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बतरा बांध में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में मछली पकड़ने गए 9 ग्रामीणों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद 6 लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 3 ग्रामीण लापता हो गए थे।

सूचना मिलने पर पुलिस और DDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 13 घंटे की तलाश के बाद एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। वहीं, दो अन्य ग्रामीणों की तलाश अब भी जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके का है। बताया जा रहा है कि डैम में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा हुआ था, इसके बावजूद ग्रामीण चोरी-छिपे रात में जाल बिछाने पहुंचे थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

लापता और मृतकों में समय लाल निवासी ग्राम राई, जगलाल निवासी ग्राम उचडिह और कंवल साय निवासी भैयाथान के नाम सामने आए हैं। तैरकर बाहर निकलने वालों में लालजी, विजय प्रसाद, वेद कुमार, कामेश्वर, होल्डर और राजकुमार शामिल हैं।