जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के कारण बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अपने 70 वर्षीय ससुर की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू (गुंगरू) प्रधान (70) का शव 4 जुलाई को उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर से मिली सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
जांच में पता चला कि मृतक की बहू सुगंती बेसरा (36) का अपने ससुर से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचित साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात चारों आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे दम घुटने और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





