नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। संगठन में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। वहीं महिलाओं को भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए करीब 33 प्रतिशत महिला पदाधिकारियों को जगह दी गई है।

नई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी को लेकर है। उन्हें राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और वरिष्ठ नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।


तीरथ सिंह रावत और बैजयंत जय पांडा भी बने उपाध्यक्ष

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ओडिशा के वरिष्ठ नेता बैजयंत जय पांडा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

नई टीम के गठन में पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव के साथ नए चेहरों और महिला नेतृत्व को प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया है।


स्मृति ईरानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय बाद उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वह इससे पहले केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।


नितिन नबीन ने नई टीम को दी बधाई

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई टीम के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अनुभव और ऊर्जा से भरपूर यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति देगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता भाव से संगठन को और मजबूत करेंगे और ‘विकसित भारत’ के संकल्प तथा राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के साथ भाजपा ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियों के लिए अपनी नई संरचना तैयार कर दी है।