दुर्ग। दोस्तों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाने गए आठ किशोरों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर दो किशोर लापता हो गए। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश लगातार जारी है।


जानकारी के मुताबिक, पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी और पीपरछेड़ी के पास स्थित शिवनाथ नदी किनारे शनिवार को आठ दोस्त अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। समारोह के बाद कुछ किशोर नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाने से दो किशोर पानी में बह गए।


साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों कुछ ही पलों में गहरे पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व प्रशासन को तत्काल जानकारी दी गई।


SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने एक किशोर का शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


दूसरे किशोर की तलाश जारी

एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक दूसरे लापता किशोर की तलाश में जुटी रही। प्रशासन का कहना है कि जब तक किशोर का पता नहीं चल जाता, तब तक रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा।

रेहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों में उतरने से बचने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।