रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन प्रतिवेदन (APAR) को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने नई समय-सीमा निर्धारित की है। वर्ष 2025-26 की अवधि के लिए जिन शासकीय सेवकों की APAR तय समय में पूरी नहीं हो सकी है, उनका प्रतिवेदन अब नई तारीखों के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से पूरा किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में सभी विभाग प्रमुखों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को पत्र जारी कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
स्व-मूल्यांकन के लिए अब 31 अगस्त तक का समय
वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों के स्व-मूल्यांकन की पहले निर्धारित अंतिम तारीख 15 मई 2026 थी। इसे बढ़ाकर अब 31 अगस्त 2026 कर दिया गया है।
इस अवधि में संबंधित शासकीय सेवकों को नए प्रपत्र में अपना स्व-मूल्यांकन पूरा करना होगा।
प्रतिवेदक अधिकारी 30 सितंबर तक करेंगे मूल्यांकन
प्रतिवेदक अधिकारी द्वारा APAR मूल्यांकन की समय-सीमा भी बढ़ाई गई है। पहले इसके लिए 15 जून 2026 की तारीख निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 कर दिया गया है।
समीक्षक अधिकारी को 30 अक्टूबर तक का समय
समीक्षक अधिकारी द्वारा मूल्यांकन की पूर्व निर्धारित समय-सीमा 15 जुलाई 2026 थी। नई व्यवस्था के तहत अब समीक्षक अधिकारी 30 अक्टूबर 2026 तक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
स्वीकारकर्ता अधिकारी के लिए 30 नवंबर अंतिम तारीख
APAR प्रक्रिया के अंतिम चरण में स्वीकारकर्ता अधिकारी के मूल्यांकन की समय-सीमा भी बढ़ाई गई है। पहले यह अवधि 16 अगस्त 2026 तक निर्धारित थी। अब इसे बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दिया गया है।
नई समय-सीमा एक नजर में
स्व-मूल्यांकन: 31 अगस्त 2026 तक
प्रतिवेदक अधिकारी का मूल्यांकन: 30 सितंबर 2026 तक
समीक्षक अधिकारी का मूल्यांकन: 30 अक्टूबर 2026 तक
स्वीकारकर्ता अधिकारी का मूल्यांकन: 30 नवंबर 2026 तक
सामान्य प्रशासन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्ष 2025-26 के लिए लंबित APAR को नए प्रपत्र में ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।





