अश्लील वीडियो भेजकर वकील को ब्लैकमेल, 50 हजार नहीं देने पर वायरल करने की धमकी
रायपुर। राजधानी में साइबर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले एक वकील को अज्ञात मोबाइल नंबरों से अश्लील वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी गई। आरोपितों ने वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पंडरी स्थित अशोका विहार कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार त्रिपाठी पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 20 मई की शाम करीब 5:27 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस्ड कॉल आया। कॉल बैक करने पर सामने वाले व्यक्ति ने वीडियो भेजने की बात कही। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उनके मोबाइल पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया।
वीडियो देखने के बाद अधिवक्ता हैरान रह गए। इसी दौरान आरोपित ने दोबारा फोन कर धमकी दी कि यदि 50 हजार रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो को इंटरनेट मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल कर बदनाम कर दिया जाएगा।
पीड़ित ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वीडियो से उनका कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद आरोपित लगातार धमकी देने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिवक्ता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में इसे साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल एक्सटॉर्शन का मामला माना जा रहा है।





