रायपुर। प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी होने का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। राज्य सरकार ने आधिकारिक तौर पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नई सूची जारी कर दी है, जिससे विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है.

खेल विभाग द्वारा जारी सूची में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों को राज्य सरकार की खेल नीति के तहत मिलने वाले विभिन्न लाभ, प्रोत्साहन और रोजगार संबंधी अवसरों में प्राथमिकता मिलेगी।

इस सूची के प्रकाशन से उन खिलाड़ियों को भी राहत मिली है, जो लंबे समय से अपने नाम शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि सूची जारी होने से प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ेगा।

खेल विभाग ने बताया कि सूची निर्धारित मानकों और उपलब्धियों के आधार पर तैयार की गई है। पात्र खिलाड़ी विभाग की आधिकारिक प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक लाभ प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।