कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर चिचाड़ी पुल के पास एक कार और एंबुलेंस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
जगदलपुर से धमतरी जा रही थी एंबुलेंस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस जगदलपुर से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान फरसगांव के चिचाड़ी पुल के पास उसकी एक कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस सड़क पर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति की कमर के पास गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।
सड़क से एंबुलेंस हटाने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर एंबुलेंस पलटने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। कार और एंबुलेंस के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।





