रायपुर/अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और तत्काल मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। साथ ही जिन स्थानों पर यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी कलेक्टरों को निर्माणाधीन सड़कों की निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करें। जरूरत पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और संबंधित विभाग व निर्माण एजेंसियों के साथ मिलकर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
बारिश के दौरान सड़क टूटने, जलभराव, पुल-पुलिया के आसपास कटाव या निर्माण कार्य से दुर्घटना की आशंका होने पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्य में तेजी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान खराब सड़कों के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां स्थायी निर्माण तत्काल संभव नहीं है, वहां फिलहाल गड्ढे भरने, सड़क समतल करने और जल निकासी जैसे अंतरिम उपाय प्राथमिकता से किए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश का मौसम खत्म होते ही निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में तेजी लाई जाए। सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े।





