अंबिकापुर में झाड़-फूंक की आड़ में युवती से दुष्कर्म, प्रयागराज का कथित तांत्रिक गिरफ्तार
अंबिकापुर। झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वाले एक कथित तांत्रिक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती को नौकरी दिलाने और अच्छे विवाह का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के सेमरा गांव निवासी 29 वर्षीय अमित कुमार गोस्वामी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से एक झोला बरामद हुआ है, जिसमें तंत्र-मंत्र के नाम पर इस्तेमाल की जाने वाली विभिन्न प्रकार की सामग्री और पाउडर रखे हुए थे। आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनसे धन और कीमती सामान ऐंठने का काम करता था।
जानकारी के मुताबिक 14 जून की सुबह आरोपी कॉलोनी में घूम-घूमकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा था। इसी दौरान वह पीड़िता के घर पहुंचा और अपनी कथित विद्या के बल पर नौकरी तथा अच्छे रिश्ते का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने झाड़-फूंक करने के बहाने युवती को स्नान करने के लिए कहा।
वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों को अलग-अलग बहाने से घर से बाहर भेज दिया। उसने युवती की मां को चावल देकर पास स्थित मंदिर जाने को कहा, जबकि बहन को कमरे से बाहर कर दिया। युवती के अकेले रह जाने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुभाषनगर क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी को उस समय पकड़ लिया, जब वह शहर छोड़कर भागने की तैयारी में था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





