रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें करीब 10 लाख दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य तय किया गया है। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव में आयोजित किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
तेलीबांधा तालाब में जलेंगे 1.25 लाख दीप
मुख्य कार्यक्रम में तेलीबांधा तालाब और मरीन ड्राइव क्षेत्र में करीब 1 लाख 25 हजार दीप जलाए जाने हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल होंगे। शाम के समय भव्य दीप उत्सव और महाआरती का आयोजन भी प्रस्तावित है।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी होगा दीप प्रज्वलन
अभियान के तहत जिले के कई प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को दीपों से सजाया जाएगा। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाने की योजना है। इसके अलावा चार विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में सभी घरों में दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
रायपुर शहर के कई प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम
रायपुर शहर में तेलीबांधा तालाब के अलावा जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, शारदा चौक, एमजी रोड, गुरुनानक चौक, फूल चौक, तात्यापारा, आजाद चौक, कटोरा तालाब गार्डन, महादेव घाट और बूढ़ातालाब समेत कई स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वच्छता से लेकर रक्तदान तक कई आयोजन
सेवा संकल्प अभियान में केवल दीप उत्सव ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। रायपुर शहर के 70 वार्डों, बीरगांव नगर निगम के 40 वार्डों और माना नगर पंचायत के 15 वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाने की योजना है। इसके साथ जयस्तंभ चौक, तेलीबांधा तालाब और अन्य स्थानों पर रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।
सभी 1479 बूथों पर दीप कार्यक्रम की तैयारी
शाम 5 बजे से विभिन्न मोर्चों और संगठनों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। रायपुर जिले के सभी 1479 बूथों पर भी दीप जलाने की योजना बनाई गई है। आयोजकों ने नागरिकों से अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान में सहभागिता करने की अपील की है।





